पुणे का लोहागढ़ फोर्ट केस पूरे देश में चर्चा का विषय बना। एक रिश्ता जो शादी की दहलीज तक पहुंचने वाला था, एक खूनी लव ट्रायंगल में तब्दील हो गया। केतन अग्रवाल ने सिया गोयल के लिए 17 करोड़ की शादी प्लान की थी। लेकिन सिया चेतन चौधरी से प्यार करती थी। दोनों ने सोचा उनका प्यार सच्चा है। अब जुर्म के बाद दोनों एक-दूसरे को ही दोष दे रहे हैं।
यह कहानी एक गहरे सवाल को जन्म देती है —
टॉक्सिक लव इतना रियल क्यों लगता है? और जो प्यार सच में स्थिर, भरोसेमंद और देखभाल से भरा होता है, वो बोरिंग क्यों लगने लगता है?
इसका जवाब सिर्फ भावनाओं में नहीं, बल्कि गहरे न्यूरोसाइंस में छुपा है। और यह समझना आज के दौर में हर किसी के लिए बेहद जरूरी है — क्योंकि हम अक्सर गलत रिश्ते के फैसले परिवार के दबाव में, समाज के डर में या अपने अंदर के उस अधूरेपन की वजह से लेते हैं जिसे हम खुद नहीं पहचानते।
रिया और रोहित: एक रात, 250 मेहमान और एक टूटती सगाई
एंगेजमेंट को सिर्फ 9 घंटे बचे थे।
रिया अपने कमरे में लाल आंखों से रो रही थी। 48 मैसेज, 14 मिस्ड कॉल — और रोहित की तरफ से कोई जवाब नहीं। बैंक्वेट हॉल सजा था, 250 मेहमान कन्फर्म थे, लहंगा कुर्सी पर चमक रहा था।
दूसरी तरफ रोहित होटल से दूर एक सुनसान सड़क पर गाड़ी में अकेला बैठा था। इंजन बंद, फोन साइलेंट। सिर्फ एक ही ख्याल — “कहीं यह सगाई मेरी जिंदगी बर्बाद न कर दे।”
बाहर से यह एक मिसअंडरस्टैंडिंग लग सकती थी।
लेकिन अंदर से यह दो नर्वस सिस्टम की लड़ाई थी जो एक-दूसरे को प्यार नहीं, खतरा समझ रहे थे।
रिया का डर: “मैं उससे बहुत प्यार करती हूं। अगर वो चला गया तो मैं टूट जाऊंगी।”
रोहित का डर: “क्या मैं इससे सच में प्यार करता हूं? या यह बस मेरी पुरानी असुरक्षाओं का समझौता है? अगर रुका तो कहीं फंस न जाऊं।”
और कल सुबह 250 रिश्तेदारों के सामने यह दोनों एक-दूसरे को जिंदगीभर का प्यार देने वाले थे।
सवाल यह है — क्या रिया और रोहित सच में एक-दूसरे से प्यार करते थे? या यह एक ऐसा मिसमैच था जहां रिश्ता तोड़ देना ज्यादा ईमानदार होता?
इसका जवाब समझने के लिए हमें उनकी जिंदगी उल्टी दिशा में चलानी होगी — एंगेजमेंट से पहले, कॉलेज से पहले, स्कूल से पहले, जन्म तक।
लव एल्गोरिदम: प्यार कोई इमोशन नहीं, एक कोड है
लव स्टाइल एक दिन में नहीं बनता। यह सालों तक परत दर परत विकसित होने वाला एक बायोलॉजिकल लव एल्गोरिदम होता है जो चुपचाप तय करता है —
- आप प्यार में चिपकेंगे या दूरी बनाएंगे
- रिश्ते में आगे बढ़ेंगे या भागेंगे
- टकराव के बाद रिश्ता ठीक कर पाएंगे या नहीं
इस पूरे विज्ञान को समझने के लिए एक सिंपल मॉडल काम आता है — साइको लव मैप।
लव स्टाइल कोई सीधी रेखा नहीं होती। यह दो छुपे हुए डर का नक्शा है:
पहली धुरी: क्या वो मुझे छोड़ देगा? — यह एंग्जायटी एक्सिस है।
दूसरी धुरी: क्या करीबी मेरे लिए खतरा है? — यह अवॉयडेंस एक्सिस है।
इन दो धुरियों पर हर इंसान का अपना एक बिंदु होता है। और यही बिंदु तय करता है कि वो प्यार में कैसा बर्ताव करेगा।
यह बिंदु जन्म के साथ ही मिलता है और जिंदगी के हर पड़ाव पर खिसकता रहता है।
परत 1: जैविक संवेदनशीलता — पैदाइश से मिला पहला कोड
1998, मुंबई। दो अलग-अलग नर्सरी में दो अलग-अलग नर्वस सिस्टम।
बेबी रिया स्वस्थ पैदा हुई, लेकिन असामान्य रूप से संवेदनशील। नई आवाज से जल्दी डर जाना, अजनबी चेहरा देखते ही रोना, मां की गोद में आते ही शांत हो जाना।
बेबी रोहित देखने में बिल्कुल उलटा। शांत, कम रोना, अकेले छोड़ दो तो भी ज्यादा रिएक्शन नहीं। पूरा परिवार खुश — “वाह, कितना अच्छा बेबी है!”
यहां पहला भ्रम टूटता है।
बच्चा जन्म से ही एंग्जियस या अवॉयडेंट नहीं पैदा होता। बस एक नर्वस सिस्टम की संवेदनशीलता के साथ पैदा होता है। कुछ का वॉल्यूम हाई, कुछ का लो।
हर शांत दिखने वाला बेबी अंदर से शांत नहीं होता। कुछ बच्चे अंदर से परेशान होते हैं, लेकिन कम अभिव्यक्ति करते हैं। वो अवॉयडेंट पैदा नहीं होते — लेकिन अवॉयडेंट बनना जल्दी सीख लेते हैं।
परत 2: माता-पिता का व्यवहार — असली कोडिंग की शुरुआत
जींस ने बेस वॉल्यूम सेट किया। अब असली कोडिंग शुरू होती है जब बच्चे का नर्वस सिस्टम करीबियों के नर्वस सिस्टम से जुड़ता है।
रिया की मां अनीता बुरी मां नहीं थी। वर्किंग प्रोफेशनल, स्ट्रेसफुल जिंदगी, रिया से गहरा प्यार। लेकिन उनका अपना नर्वस सिस्टम ओवरलोडेड था।
कभी रिया रोती तो मां तुरंत आ जातीं। कभी मीटिंग में होतीं और “बस 1 मिनट” कहकर 20 मिनट लगा देतीं।
यही सबसे खतरनाक पैटर्न था — नो लव नहीं, अनप्रिडिक्टेबल लव।
और यहीं से दूसरा भ्रम टूटता है:
एंग्जियस अटैचमेंट प्यार की कमी से नहीं, अनप्रिडिक्टेबल प्यार से बनता है।
प्रसिद्ध “Still Face Experiment” में जब मां प्लेफुल से अचानक एक्सप्रेशनलेस हो जाती, तो सिर्फ 2 मिनट में बच्चा चीखने-रोने लगता। क्योंकि बच्चे के लिए कनेक्शन ही सर्वाइवल है।
रिया के नर्वस सिस्टम ने सीखा: प्यार अनप्रिडिक्टेबल है। रोने-चिल्लाने पर मिलता है। मिले तो पकड़ कर रखो, जाने मत दो।
यह मूड नहीं था। यह रियल टाइम न्यूरल वायरिंग थी — तब जब दिमाग विकसित हो रहा था।
रोहित के घर में प्यार था, केयर था, स्ट्रक्चर था। लेकिन इमोशंस के लिए जगह कम थी।
“ज्यादा गोद में मत लो, बिगड़ जाएगा।” “रोने दो, स्ट्रांग बनेगा।” “बॉयज डोंट क्राई।”
रोहित रोता, कोई तुरंत नहीं आता। रोहित चुप रहता, लोग अपनी खुशी से आते।
रोहित के नर्वस सिस्टम ने सीखा: जरूरत दिखाने से सेफ्टी नहीं मिलती। चुप रहना ही सेफर है।
अवॉयडेंट बच्चा प्यार चाहना नहीं छोड़ता। प्यार मांगना छोड़ने लगता है।
क्योंकि उसने बार-बार यही देखा — मांगने से कंफर्ट नहीं, शेम या रिजेक्शन मिलता है।
परत 3: बचपन की समझ — वो लेंस जो हर रिश्ते को फिल्टर करता है
3 से 10 साल की उम्र में बच्चा सिर्फ घटनाएं नहीं देखता। वो दुनिया को देखने का नजरिया बनाता है:
- दूरी का मतलब क्या होता है?
- चुप्पी का मतलब क्या होता है?
- जरूरत दिखाना सुरक्षित है या शर्मनाक?
- झगड़े के बाद कनेक्शन वापस आ सकता है?
6 साल की रिया घर में झगड़े के बाद देखती कि कोई उससे आकर नहीं बोलता — “रिया, यह तुम्हारी वजह से नहीं है। तुम सुरक्षित हो।”
Piaget की Cognitive Development Theory के अनुसार 2 से 7 साल के बच्चे का दिमाग अहंकेंद्रित होता है। वो एडल्ट स्ट्रेस के कारण नहीं समझ पाता, इसलिए अक्सर उसे खुद से जोड़ लेता है।
रिया की सोच बनने लगी: “शायद प्रॉब्लम मेरे अंदर है। मैं काफी नहीं हूं।”
और इसी उम्र में दिमाग अपनी सेल्फ वर्थ और आइडेंटिटी भी बना रहा होता है। एक बार यह आइडेंटिटी बन जाए तो बाद में बदलना बेहद मुश्किल होता है।
रोहित के घर में 6 साल की उम्र में जब वो स्कूल से रोते हुए आया और पापा ने कहा “इतनी सी बात पर रो रहे हो? स्ट्रांग बनो” — तो उसके अंदर एक साइलेंट आर्मर बनने लगी।
Gottman ने इसे Emotion Dismissing Parenting कहा। जब बच्चे की भावनाएं बार-बार खारिज होती हैं, तो वो अपनी भावनाएं पढ़ना ही कम कर देता है।
रोहित की जड़ों में भी रिया जैसी ही जरूरत थी — सुरक्षा। लेकिन उसके नर्वस सिस्टम ने उलटा सबक सीखा: सुरक्षा करीबी में नहीं, दूरी में है।
परत 4: रोमांस ट्रैप — जब जिंदगी भावनाओं को एक खतरनाक नाम दे देती है
17 साल की रिया ने बॉलीवुड से एक खतरनाक समीकरण सीख लिया था: तेज धड़कन + पागलपन + नींद न आना + ऑब्सेशन = प्यार।
कॉलेज कैंटीन में अर्जुन आया — स्मार्ट, रहस्यमय, कैजुअल डेटिंग टाइप। रिया ने सोचा — “यही है वो।”
लेकिन 3 महीने बाद सच सामने आया:
रिया के 11 मैसेज, अर्जुन का एक जवाब — “सॉरी यार, बिजी था।”
और उस एक जवाब पर रिया का दिल तेज धड़कने लगा, सांसें तेज हुईं, राहत मिली।
उसकी दोस्त ने एक लाइन कही: “रिया, यह लड़का तुझसे प्यार नहीं करता। और शायद तू भी उससे नहीं।”
रिया को लगा दोस्त जलती है। लेकिन विज्ञान के हिसाब से दोस्त सच के करीब थी।
प्यार का पिरामिड: जो हम ‘लव’ बोलते हैं वो असल में क्या है?
जिस एक भावना को हम प्यार बोल देते हैं, वो दरअसल दिमाग में तीन अलग-अलग सिस्टम का मिश्रण होता है।
सिस्टम 1: इच्छा
शरीर पूछता है — “क्या मैं उसे चाहता हूं?”
अर्जुन आकर्षक और आत्मविश्वासी था। इसलिए इच्छा हाई थी। लेकिन इच्छा प्यार का एक छोटा-सा हिस्सा है। आप किसी फिल्मी पोस्टर को भी देखकर “चाहत” महसूस कर सकते हैं। इच्छा सिर्फ शरीर का खिंचाव है, प्यार का प्रमाण नहीं।
सिस्टम 2: मान्यता (Validation)
आत्मा पूछती है — “क्या इतना बड़ा इंसान मुझे चुनेगा?”
रिया जैसे एंग्जियस प्रोफाइल यहीं सबसे ज्यादा फंसते हैं। बचपन में रिया के अंदर एक घाव बना था — “शायद मैं काफी नहीं हूं।”
तो अर्जुन सिर्फ एक लड़का नहीं रहा। वो रिया की आत्मसम्मान का जज बन गया। उसका रिप्लाई मैसेज नहीं, फैसला बन गया।
जब किसी अनुपलब्ध इंसान का ध्यान आपकी आत्मसम्मान का प्रमाण बन जाता है, तो पीछे भागना स्वाभाविक रूप से बढ़ने लगता है:
ज्यादा चुप्पी → ज्यादा घबराहट → ज्यादा मैसेज → ज्यादा भावनात्मक निवेश → छोड़ना और मुश्किल।
यही लूप टॉक्सिक अटैचमेंट को गहरा करता है।
सिस्टम 3: सुरक्षा — प्यार का असली केंद्र
नर्वस सिस्टम पूछता है — “क्या मैं उसके साथ सुरक्षित हूं?”
- क्या निरंतरता है?
- क्या भरोसा है?
- क्या झगड़े के बाद रिश्ता ठीक होता है?
- क्या मैं अपना असली रूप दिखा सकती हूं?
अर्जुन के केस में ज्यादातर जवाब नहीं था। कभी रिप्लाई, कभी चुप्पी। कभी गर्मजोशी, कभी दूरी।
रिया की समझ बन गई थी: कोई रिप्लाई नहीं → तनाव। रिप्लाई → राहत। दूरी → “मैं उसे खो रही हूं।” जिसका मतलब उसने निकाला — “मैं उससे प्यार करती हूं।”
यही सबसे बड़ा धोखा है:
असली प्यार नर्वस सिस्टम को सिर्फ उत्तेजित नहीं करता। असली प्यार नर्वस सिस्टम को शांत करता है।
टॉक्सिक लव पहले खतरा देता है, फिर राहत। और शरीर उस राहत को प्यार समझ लेती है।
हेल्दी लव में वो घबराहट के तूफान नहीं होते। वो घर जैसी शांति देता है।
रिया और रोहित का टकराव: जब दोनों के अलार्म एक-दूसरे को ट्रिगर करते हैं
2024 में रिया और रोहित मिले।
यह कोई संयोग नहीं था। आंकड़े बताते हैं — सुरक्षित प्रेमी जल्दी सेटल हो जाते हैं। डेटिंग पूल में बचे रहते हैं एंग्जियस और अवॉयडेंट। और यह दोनों चुम्बक की तरह एक-दूसरे को खींचते हैं।
रिया के लिए कनेक्शन ऑक्सीजन था — जो उसे बचपन से अनिश्चित तरीके से मिला था। रोहित का दूर रहना उसे परिचित लगता, चुनौती जैसा, गहरा।
रोहित के लिए नियंत्रण ऑक्सीजन था। रिया बिना मांगे उसे कनेक्शन और गर्मजोशी दे रही थी। उसे लगता — “मैं चाहा जा रहा हूं, लेकिन नियंत्रण मेरे हाथ में है।”
6 महीने ठीक रहा। लेकिन जब करीबी बढ़ी तो समस्याएं शुरू हुईं।
एक दिन रिया ने लिखा: “कल शाम फ्री हो? मॉम तुमसे मिलना चाहती है।”
हेल्दी रिश्ते में यह प्रगति होती है।
रोहित के नर्वस सिस्टम ने इसे पढ़ा: बहुत तेज आगे बढ़ रहे हैं।
6 घंटे कोई जवाब नहीं। रिया के चार और मैसेज।
रोहित का रिप्लाई: “थका हुआ हूं। कल बात करते हैं।”
रिया: “तुम्हारे पास सबके लिए वक्त है, सिवाय मेरे।”
रिया का अलार्म ट्रिगर था: लेट रिप्लाई, छोटे जवाब, भावनात्मक दूरी।
रोहित का अलार्म ट्रिगर था: बहुत सवाल, खुद जैसा नहीं रह सकता, मानसिक शांति नहीं।
पैराडॉक्स यह था: एक का अलार्म बंद करने का तरीका दूसरे का अलार्म चालू कर देता था।
रिया अपना अलार्म बंद करने के लिए पास आती → रोहित का अलार्म बज उठता।
रोहित दूरी बनाता → रिया का अलार्म बज उठता।
यही एंग्जियस-अवॉयडेंट लूप है। और दोनों ने सोचा कि शादी इस लूप को ठीक कर देगी।
विज्ञान कहता है: शादी अलार्म बंद नहीं करती। शादी अलार्म का वॉल्यूम बढ़ा देती है — क्योंकि अब दांव जिंदगीभर के हो जाते हैं।
एक ईमानदार रात: रोहित का पहला सुरक्षित फैसला
एंगेजमेंट से एक रात पहले, रोहित ने रात 4:20 बजे फोन उठाया।
रिया ने पहली रिंग पर उठाया।
चुप्पी के कुछ पल।
फिर रोहित ने धीरे से कहा: “मैं कल स्टेज पर झूठ नहीं बोल सकता।”
रिया: “तो तुम मुझे छोड़ रहे हो?”
रोहित: “नहीं। मैं यह दिखावा छोड़ रहा हूं कि हम ठीक हैं। मैं घबराहट में जिंदगीभर का वादा करने से रुक रहा हूं।”
रिया, 10 सेकंड की चुप्पी के बाद: “मुझे डर लग रहा है। लेकिन मैं भी जबरदस्ती की हां नहीं चाहती।”
सुबह 6 बजे रोहित ने दोनों परिवारों को फोन किया। आवाज कांप रही थी लेकिन शब्द साफ थे:
“आज सगाई नहीं होगी। किसी को दोष मत दीजिए। हम दोनों एक गहरे पैटर्न में फंसे हैं। उस पैटर्न को समझे बिना जिंदगीभर की प्रतिबद्धता करना रिया के साथ भी अन्याय होगा, मेरे साथ भी।”
किसी ने कहा: “लोग क्या कहेंगे?”
रोहित: “लोग एक दिन बोलेंगे। गलत शादी जिंदगीभर बोलेगी।”
बाहर से यह विफलता लग सकती थी। लेकिन विज्ञान के हिसाब से यह उसका पहला सुरक्षित फैसला था।
90 दिन का रीराइट: क्या 28 साल का लव एल्गोरिदम बदल सकता है?
विज्ञान का जवाब है — हां। लेकिन सिर्फ एक तरीके से।
रिया और रोहित के अंदर लड़ाई दिमाग में नहीं, ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम में हो रही थी।
जब सिस्टम सुरक्षित महसूस करे → पैरासिम्पैथेटिक नर्वस सिस्टम एक्टिव → हरा बटन → कनेक्शन, भरोसा, शांति।
जब सिस्टम खतरा महसूस करे → लड़ाई-उड़ान मोड → लाल बटन → घबराहट, बंद होना, झगड़ा।
लक्ष्य यह नहीं था कि लाल बटन कभी ना दबे। लक्ष्य था कि लाल बटन दबते ही जल्दी हरा हो सके।
पहले दिन रोहित ने एक लाइन कही जो सब कुछ बदल देने वाली थी:
“अब से हमारा दुश्मन मैं या तुम नहीं — लूप है।”
इससे दोनों एक ही टीम में आ गए। निशाना लूप तोड़ना था।
लव एल्गोरिदम रीराइट का नियम
लव एल्गोरिदम नर्वस सिस्टम में संग्रहित है — शरीर में, अमिग्डाला में, स्वचालित प्रतिक्रियाओं में।
यह वीडियो देखने से नहीं बदलता। थेरेपी के एक सेशन से नहीं बदलता। यह बदलता है सिर्फ और सिर्फ बार-बार के सुरक्षित अनुभव से।
शरीर को नया, सुरक्षित अनुभव चाहिए ताकि नर्वस सिस्टम का खतरे का अनुमान बदल सके।
एक रात का उदाहरण:
रोहित दफ्तर से देर से निकला। दोपहर से कोई जवाब नहीं। पुरानी रिया 12 मैसेज करती।
इस बार रिया ने फोन उठाया — और रुक गई। लंबी सांस ली। खुद को याद दिलाया: “यह तथ्य नहीं, मेरी घबराहट का अनुमान है।”
उसने सिर्फ एक मैसेज किया: “जब फ्री हो, एक छोटा अपडेट दे देना।” और अपनी खाना बनाने में लग गई।
15 मिनट बाद रोहित ने देखा, समझा — और जवाब दिया: “रास्ते में हूं।”
यह एक बड़ा डेटा पॉइंट था:
रिया ने सीखा — दूरी आई लेकिन छोड़ा नहीं गया।
रोहित ने सीखा — जवाब दिया लेकिन घिरा हुआ नहीं लगा।
झगड़े के बाद प्रमाण नहीं, कनेक्शन
असुरक्षित जोड़े झगड़े के बाद प्रमाण इकट्ठा करते हैं:
रिया: “देखो, वो छोड़ रहा है।” रोहित: “देखो, कोई भविष्य नहीं।”
सुरक्षित जोड़े झगड़े के बाद कनेक्शन फिर से स्थापित करते हैं।
एक नई सीखने की रस्म:
- पहला कदम: मैं कैसे ट्रिगर हुआ?
- दूसरा कदम: मैंने तुम्हें कैसे ट्रिगर किया?
- तीसरा कदम: अगली बार बेहतर प्रतिक्रिया क्या होगी?
यही असली रीराइट था। समझना, सुधारना, आगे बढ़ना।
क्या हर बार सफल हुए? बिल्कुल नहीं। कई बार पुराने पैटर्न में गए। लेकिन हर बार हरा बटन पहले से जल्दी आया।
90 दिन बाद: हेल्दी लव की असली परिभाषा
वही बैंक्वेट हॉल, वही लोग, वही सवाल।
रिया: “तुम पक्का हो?”
रोहित: “डर है। लेकिन इस बार भाग नहीं रहा।”
रिया: “डर मुझे भी है। लेकिन इस बार मैं तुम्हें रोक नहीं रही।”
और यहीं पर हेल्दी और सुरक्षित प्यार की असली परिभाषा सामने आती है:
सुरक्षित प्यार डर का अभाव नहीं है।
सुरक्षित प्यार डर के बावजूद अपने पुराने सर्वाइवल पैटर्न को नहीं दोहराना है।
टॉक्सिक लव रियल क्यों लगता है? — अंतिम जवाब
टॉक्सिक लव इसलिए इतना तीव्र और “असली” लगता है क्योंकि वो पहले खतरा देता है, फिर राहत।
और जब राहत आती है — दिल तेज धड़कता है, सांसें तेज होती हैं, पूरा शरीर जीवंत हो उठता है।
शरीर इस राहत को प्यार समझ लेती है।
हेल्दी प्यार में वो सर्वाइवल वाले तूफान नहीं होते। वो शांत है, स्थिर है, घर जैसा है।
और इसीलिए बोरिंग लगता है — क्योंकि वो खतरा नहीं देता।
लेकिन ग्रोथ शांति में होती है, सर्वाइवल मोड में नहीं। सर्वाइवल मोड में इंसान सिर्फ जीता है, जिंदगी नहीं जीता।
निष्कर्ष: बचपन पहला कोड लिखता है, आखिरी कोड आप लिखते हैं
टॉक्सिक लव और हेल्दी लव के बीच का फर्क समझना आज के समय में बेहद जरूरी है।
हम में से ज्यादातर लोग किसी न किसी अटैचमेंट स्टाइल के साथ जीते हैं — एंग्जियस, अवॉयडेंट, या कन्फ्यूज्ड। यह हमारी गलती नहीं है। यह हमारी परवरिश, हमारे जींस और हमारे अनुभवों का नतीजा है।
लेकिन यह हमारी नियति भी नहीं है।
बचपन प्यार का पहला कोड लिखता है। आखिरी कोड आप लिखते हैं।
बशर्ते आप —
- अपने पैटर्न को पहचानें
- अपने पार्टनर को दुश्मन नहीं, साथी मानें
- हर बार सुरक्षित अनुभव बनाने की कोशिश करें
- झगड़े के बाद प्रमाण इकट्ठा करने की बजाय कनेक्शन वापस लाएं
और सबसे जरूरी — घबराहट में जिंदगीभर के फैसले मत लो।
शादी अलार्म बंद नहीं करती। पैटर्न ठीक करने का काम करती है — लेकिन वो काम शादी से पहले शुरू होना चाहिए।
क्योंकि सही रिश्ता वो नहीं जो कभी हिलता नहीं। सही रिश्ता वो है जो हिलने के बाद वापस एक-दूसरे की तरफ आता है।
11 हैरान करने वाले फैक्ट्स जो हर भारतीय को जानने चाहिए 2026 में
